एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र द्वारा महिला स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), सोहागपुर क्षेत्र द्वारा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शहडोल में माहवारी स्वच्छता पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 06 अगस्त 2025 को किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के अधीन सार्वजनिक उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूक किया गया।

इस सत्र का उद्देश्य किशोरी छात्राओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रथाओं के प्रति जागरूक करना था। कक्षा 6वीं से 12वीं तक की लगभग 250 छात्राओं ने इसमें भाग लिया और उन्हें परामर्श एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह ने छात्राओं से संवाद किया एवं प्रेरणादायक जीवन प्रसंग साझा किए। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक मनीष श्रीवास्तव ने कंपनी की गतिविधियों और स्वास्थ्य से जुड़ी इस पहल के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
क्षेत्र की इस सीएसआर परियोजना के अंतर्गत छह विद्यालयों में कुल 16 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें एवं इंसीनेरेटर लगाए गए हैं, जिससे तीन हजार से अधिक छात्राएं लाभान्वित होंगी। अगले तीन वर्षों तक छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने हेतु निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।



