Vedant Samachar

बिलासपुर में महिलाएं बना रही हैं तिरंगा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिल रहा है बढ़ावा…

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,07अगस्त (वेदांत समाचार) : बिलासपुर जिले में महिलाएं स्वतंत्रता दिवस के लिए तिरंगा सीलकर तैयार कर रही हैं। गनियारी स्थित नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री में स्व-सहायता समूह की महिलाएं तिरंगा निर्माण में जुटी हुई हैं।

इन महिलाओं को 1.50 लाख से अधिक तिरंगा तैयार करने का लक्ष्य मिला है। ये तिरंगे जिले के अलग-अलग शासकीय, अशासकीय संस्थानों और आम नागरिकों तक पहुंचाए जाएंगे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे तिरंगे की मांग में बढ़ोतरी हुई है। इस मांग को पूरा करने का जिम्मा अब दीदियों ने बखूबी संभाल लिया है।

नारी शक्ति गारमेंट फैक्ट्री की अध्यक्ष मीना मानिकपुरी ने बताया कि तिरंगा निर्माण के लिए अलग-अलग विभागों और संस्थाओं से निरंतर ऑर्डर मिल रहे हैं। इन्हें पूरा करने के लिए दीदियां कड़ी मेहनत कर रही हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है।

जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल की तरह इस साल भी जिले में तिरंगा निर्माण का जिम्मा दीदियों को दिया गया है, जिसे कम कीमत पर आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत परिसर में समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से तिरंगा विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा लहराकर देश प्रेम का भाव प्रकट करें।

Share This Article