केंद्रीय मंत्री और नागपुर के सांसद नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं. यह धमकी शनिवार रात नागपुर पुलिस के कंट्रोल रूम पर आई कॉल से मिली, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने गडकरी के नागपुर के वर्धा रोड स्थित एनरिको हाइट्स में स्थित निवास को उड़ाने की धमकी दी.
पुलिस को मिली इस धमकी के बाद हरकत में आई और तुरंत तलाश शुरू की. पुलिस ने कॉल करने वाले शख्स को पकड़ लिया, जो एक शराबी था और किसी दुकान पर काम करता था. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह यह धमकी मजाक के तौर पर दिया था. फिल्हला पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ जारी है.
गडकरी को इससे पहले भी मिल चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब गडकरी को इस तरह की धमकी मिली है. इससे पहले भी उन्हें ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन उन धमकियों को फर्जी करार दिया गया था. नितिन गडकरी ने इस तरह की घटनाओं को लेकर कहा था कि यह उन्हें डराने का प्रयास है, लेकिन इससे उनका काम नहीं रुकेगा.



