Vedant Samachar

CG CRIME : 42 लाख के चावल व नमक का गबन, 3 आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर, 01 अगस्त (वेदांत समाचार) I शासकीय उचित मूल्य दुकान से 42 लाख रुपए की चावल, नमक और अन्य खाद्य सामग्री के गबन के मामले में चांपा पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना चांपा पुलिस ने की।

आरोपियों ने बिर्रा रोड और कोटाडबरी चांपा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से यह गबन किया। पहले ही एक आरोपी सोहन यादव, निवासी जगदल्ला चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में गंगाबाई खांडेकर, रितेश खांडेकर और रामेश्वर खांडेकर शामिल हैं। तीनों आरोपी वार्ड नंबर 13, घोघरा नाला, चांपा के निवासी हैं। इनके खिलाफ धारा 318(4), 316(5), 3(5) बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामला विकासखंड बम्हनीडीह के अंतर्गत आता है।

बिर्रा रोड स्थित दुकान का संचालन पूर्वा महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष गंगाबाई खांडेकर और विक्रेता रितेश खांडेकर कर रहे थे। कोटाडबरी चांपा की दुकान का संचालन भी गंगाबाई खांडेकर और विक्रेता रामेश्वर खांडेकर उर्फ राहुल कर रहे थे।

दोनों दुकानों से चावल, नमक और अन्य खाद्य सामग्री में हेराफेरी कर 42 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की गई। मामले में 4 मई 2025 को थाना चांपा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने आरोपियों को उनके घर से पकड़ा। पूछताछ में पहले आरोपी गुमराह करते रहे। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने गबन की बात कबूल की। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Share This Article