Vedant Samachar

CG NEWS : जाम से परेशान होते रहे लोग,गाड़ी खराब होने पर पुल के बीच छोड़कर भाग निकला ड्राइवर…

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,30जुलाई (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में इंदिरा सेतु पुल पर एक मिक्सर मशीन खराब हो गई, जिसके कारण नेहरू चौक से लेकर महामाया चौक वाहनों की लंबी लाइन लग गई और जाम से लोग हलाकान होते रहे। ट्रैफिक जाम होने की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दो क्रेन मंगाकर मिक्सर मशीन को हटवाया गया और वाहनों की आवाजाही शुरू कराई, तब जाकर लोगों को राहत मिली। घटना बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। नेहरु चौक से महामाया चौक तरफ ड्राइवर मिक्सर मशीन को लेकर जा रहा था। मिक्सर मशीन खराब हो गई, जिस पर ड्राइवर गाड़ी को वहीं छोड़ दिया।

जिसके बाद व्यस्ततम मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। देखते ही देखते नेहरु चौक से महामाया चौक व सीपत चौक तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे लोग हलाकान होते रहे। इस दौरान करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। इस घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। तब उन्हें भी नहीं पता था कि पुल पर खड़ी मिक्सर मशीन के कारण जाम लग रहा है। पुलिसकर्मियों ने पहले रूट डायर्वट कराया, जिसके बाद जाम में फंसी वाहनों को निकाला गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने घटना की जानकारी अफसरों को दी, जिसके बाद दो क्रेन मौके पर भेजा गया।

क्रेन की मदद से मिक्सर मशीन को हटाया और यातायात को सामान्य करने की कोशिश की। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इंदिरा सेतु पुल से लेकर महामाया चौक और नेहरु चौक के पास आए दिन जाम लगता है, जिसके कारण लोग परेशान होते हैं। दोपहर में जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई और उन्हें घूमकर दूसरे रास्ते का उपयोग करना पड़ा।

Share This Article