Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ में 19 महीने से 2 मंत्री पद खाली, आज दिल्ली जाएंगे सीएम साय; कैबिनेट विस्तार और नई कार्यकारिणी पर लगेगी मुहर ?

Vedant samachar
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल के 19 महीने बाद भी 2 पद खाली हैं। साय सरकार ने 13 दिसंबर 2023 को शपथ ली थी, लेकिन 13 में से केवल 11 मंत्री पद भरे गए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद एक और पद खाली हो गया। अब सीएम साय आज (30 जुलाई) दिल्ली जा रहे हैं, जहां उनकी पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात तय है।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में लंबित कैबिनेट विस्तार, संसदीय सचिवों की नियुक्ति और भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी पर अंतिम फैसला हो सकता है। 1 अगस्त को सीएम साय छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ डिनर में भी शामिल होंगे, जिसमें संगठन और सरकार से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

माना जा रहा है कि बस्तर, रायपुर और बिलासपुर संभाग से नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग से प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। भाजपा कार्यकारिणी में भी युवाओं और महिलाओं को जगह मिल सकती है। पार्टी के भीतर भी अब कैबिनेट विस्तार में देरी को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।

Share This Article