कुसमुंडा दौरे पर कोल इंडिया चेयरमैन ने कर्मयोगियों का बढ़ाया हौसला, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित

कोरबा, 03 अप्रैल । कोरबा जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन श्री बी. साईंराम ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन भी उनके साथ मौजूद रहे।

सम्मान समारोह में खनन कार्य से जुड़े विभिन्न संवर्गों के कर्मियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहा गया। इनमें 42 क्यूबिक मीटर शॉवेल ऑपरेटर, डोज़र ऑपरेटर, डम्पर ऑपरेटर, ड्रिलर, हाइड्रोलिक शॉवेल मेंटेनेंस स्टाफ और रिपेयर टीम के कर्मचारी शामिल रहे। चेयरमैन ने इन कर्मियों के योगदान को संगठन की प्रगति में अहम बताते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कोल इंडिया और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। चेयरमैन ने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होती हैं, बल्कि टीम भावना और संगठनात्मक एकजुटता को भी मजबूत करती हैं।

दौरे के दौरान चेयरमैन श्री साईंराम ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

इस दौरान एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार और निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।