Vedant Samachar

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के जेल और अस्पतालों पर दागीं मिसाइलें, 22 लोगों की मौत… 80 से ज्यादा घायल

Vedant Samachar
3 Min Read

सोमवार देर रात रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया। इसमें यूक्रेन के एक जेल और कई चिकित्सा संस्थानों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में कम से कम 22 लोगों की जान चली गई और 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

जेल पर हमला, 17 कैदियों की मौत
रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया इलाके की एक जेल पर हमला किया। रूस की ओर से इस जेल पर चार बम गिराए गए। इसमें जेल का खाना बनाने वाला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया और कुछ प्रशासनिक और क्वारंटीन बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा। इस हमले में 17 कैदियों की मौत हो गई, जबकि 42 गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुल मिलाकर 80 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हालांकि, जेल की चारदीवारी को कोई नुकसान नहीं हुआ, और कोई भी कैदी भाग नहीं पाया।

अस्पतालों को भी नहीं छोड़ा
रूस ने केंद्रीय यूक्रेन के ड्नीप्रो क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत और आसपास के अस्पतालों पर भी मिसाइलें दागीं। इसमें एक प्रसूति अस्पताल (जहां महिलाओं की डिलीवरी होती है) और शहर का एक जनरल अस्पताल भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस हमले में 4 लोगों की जान चली गई, जिनमें एक गर्भवती महिला भी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 8 अन्य लोग घायल हुए हैं।

हमलों में इस्तेमाल हुए घातक हथियार
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने इस हमले में 2 इस्कंदर-एम बैलिस्टिक मिसाइलें, 37 शाहेद ड्रोन्स और कुछ डिकोय ड्रोन का इस्तेमाल किया। यूक्रेन की डिफेंस टीम ने इनमें से 32 शाहेद ड्रोन को मार गिराया, जिससे और ज्यादा नुकसान होने से बच गया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति का बयान
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने देश भर में 73 शहरों और गांवों पर हमला किया है। ये हमले जानबूझकर किए गए हैं, कोई गलती नहीं है। उन्होंने कहा कि जेल और अस्पताल जैसे नागरिक इलाकों को निशाना बनाना युद्ध अपराध है।

ट्रंप की चेतावनी के बाद हमला
रूसी हमले से कुछ ही घंटे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर रूस यूक्रेन के साथ समझौता नहीं करता, तो उसे कड़े प्रतिबंधों और भारी टैक्स (टैरिफ) का सामना करना पड़ेगा। रूस के हमलों के बाद यूक्रेन ने भी जवाब दिया। यूक्रेन ने लंबी दूरी के ड्रोन्स से रूस के तेल डिपो और हथियार बनाने वाले कारखानों पर हमला किया।

Share This Article