Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा के स्कूलों में सुधार के लिए बड़ी पहल, 4 करोड़ 9 लाख से अधिक की स्वीकृति

Vedant samachar
2 Min Read


जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और सुसज्जित करने के लिए शासन ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक की शालाओं में अधोसंरचना को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। शासन ने 2 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिले के स्कूलों में मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यक निर्माण कार्यों की मंजूरी प्रदान की है।

स्कूलों में होंगे ये काम

  • 94 प्राथमिक शालाएं और 53 माध्यमिक विद्यालय में 77 लाख 86 हजार रुपये की लागत से अतिआवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे।
  • हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल में 49 लाख 77 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें छत मरम्मत, दीवार, फर्श, खिड़की-दरवाजे, पेयजल, शाला में जल भराव निकासी को दुरुस्त करने का कार्य किया जाएगा।
  • 114 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में 47 लाख रुपये की लागत से एवं 38 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल में 27 लाख रुपये नवीन शौचालय निर्माण एवं पुराने शौचालयों का जीर्णोद्धार होगा।

अतिरिक्त कक्ष और आंगनबाड़ी भवन की सौगात

  • जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि से 12 स्कूल भवन में अतिरिक्त कक्ष की सौगात स्कूली बच्चों को मिलेगी, इसके लिए 96 लाख 84 हजार की राशि स्वीकृत की गई है।
  • जिले के नौनिहालों के लिए आठ आंगनबाड़ी भवन तैयार किए जाएंगे, इसके लिए 1 करोड़ 12 लाख 72 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।


कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले। इस स्वीकृति से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य न सिर्फ स्कूलों की स्थिति को बेहतर कर रहे हैं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, उपस्थिति और प्रदर्शन को भी नया आयाम दे रहे हैं ।

Share This Article