Vedant Samachar

बिहार में ‘डॉग बाबू’ को मिला निवास प्रमाण पत्र, DM का फूटा गुस्सा, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए आदेश

Vedant Samachar
2 Min Read

पटना,28जुलाई। बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी अंचल कार्यालय से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कुत्ते के नाम पर निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया. इस प्रमाण पत्र में आवेदक का नाम ‘डॉग बाबू’, पिता का नाम ‘कुत्ता बाबू’ और माता का नाम ‘कुतिया देवी’ दर्ज था, साथ ही एक कुत्ते की तस्वीर भी चस्पा थी.

यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया, और आनन-फानन में इस प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया गया. इस मामले को लेकर पटना डीएम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट भी शेयर किया गया. इस पोस्ट में लिखा गया- मसौढ़ी अंचल में ‘डॉग बाबू’ के नाम से निवास प्रमाण पत्र निर्गत करने का मामला प्रकाश में आया है.

मामला संज्ञान में आते ही उक्त निवास प्रमाण पत्र रद्द कर दिया गया है. साथ ही आवेदक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रमाण पत्र निर्गत करने वाले पदाधिकारी के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी को संपूर्ण मामले की विस्तृत जांच कर 24 घंटों के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. दोषी कर्मियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article