कोरबा, 27 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक अनोखी पहल की गई है, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, स्व सहायता समूहों की महिलाओं और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी माताओं ने देश की सीमाओं की रक्षा में डटे 5 हजार से अधिक अग्निवीरों के लिए राखियां तैयार की हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग कोरबा के मार्गदर्शन में यह राखी अभियान अपार स्नेह, सम्मान व राष्ट्रभक्ति के साथ चलाया गया। महिलाओं द्वारा स्वयं राखी निर्माण कर सुलेख संदेश एवं शुभकामनाओं लिख कर पैक किया गया। पत्रों के माध्यम से सम्मानपूर्वक हर राखी उन वीर जवानों के प्रति सम्मान व प्यार के साथ तैयार की गई जो देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं।
महिलाओं द्वारा सभी राखियां जनप्रतिनिधि को सौंपकर अपनी भावनाएँ प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति का राष्ट्र के प्रति समर्पण है। यह नारी शक्ति की एकता व सम्मान का प्रतीक है। इस रक्षाबंधन पर उन सभी अग्निवीरों को नमन है जो साहस व बलिदान के साथ देश सेवा में तत्पर हैं।

महतारी वंदन की हितग्राही द्वारा अपने संदेशों में लिखा गया कि “यह राखी सिर्फ धागा नहीं, हमारा आशीर्वाद है।” महिला बाल विकास विभाग कोरबा की यह अभिनव राखी अभियान रूपी पहल निश्चित तौर पर वीर जवानों में एक ऊर्जा का संचार करेगी व उन्हें राष्ट्रहित में कर्तव्य पथ पर सदैव डटे रहने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
विभाग के इस पहल ने पूरे जिले में एक सकारात्मक ऊर्जा व गर्व का माहौल निर्मित किया है। यह राखियां 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन देश की सीमाओं पर तैनात अग्निवीरों की कलाइयों पर सजेंगी और उन्हें देश के प्रति उनके समर्पण और बलिदान के लिए सम्मानित करेंगी।




