हरदा में मनी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 67वीं पुण्यतिथि, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि; विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

हरदा,11 फ़रवरी 2025/ भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 67वीं पुण्यतिथि पर नगर पालिका उद्यान में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।

जिला मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने पंडित दीनदयाल के एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ नेता मनसुख लोहाना ने उनके जीवन की सादगी और राष्ट्रीय विचारधारा के प्रति समर्पण को याद किया।

विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प
डॉ. श्रीरंग मजूमदार ने कार्यकर्ताओं से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के विकास के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर हुई उनकी रहस्यमय मृत्यु का जिक्र किया, जहां मात्र 26 रुपए और एक जोड़ी कपड़े के साथ उनका शव मिला था।

समर्पण निधि की हुई शुरुआत
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने समर्पण निधि की शुरुआत की और अपनी क्षमता के अनुसार धनराशि समर्पित करने का संकल्प लिया। मंडल अध्यक्ष नितेश बादर ने कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। इस तरह पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।