CG NEWS:मासूम की मौत के बाद चक्का जाम, मुआवजे के बाद मामला शांत

जांजगीर-चांपा,02 फरवरी 2025 (वेदांत समाचार)। जिले के बनाहिल में एक मासूम की दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बनाहिल चौक पर चक्का जाम कर दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

मुलमुला और अकलतरा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। वहीं, एसडीओपी प्रदीप सोरी और विजय पैकरा भी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चला यह चक्का जाम नायाब तहसीलदार और एसडीओपी की समझाइश के बाद समाप्त हुआ। प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद मुआवजे की घोषणा की गई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खोल दिया।

बदहाल सड़कें दुर्घटनाओं की बड़ी वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि बनाहिल की सड़कों पर दिनभर तेज रफ्तार चारपहिया वाहन दौड़ते हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं और हालात इतने खराब हैं कि लोग इन्हें “तलैया” से भी बदतर मानते हैं। जब तक इन सड़कों की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक हादसों को रोक पाना मुश्किल होगा।

प्रशासन से सड़कों की मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।