Vedant Samachar

ऑस्ट्रेलिया में लगातार बढ़ रहा नस्लीय भेदभाव, मंदिर पर लिखे गए ‘घर जाओ’ और ‘भूरा’ जैसे शब्द

Vedant Samachar
3 Min Read

ऑस्ट्रेलियाई राज्य विक्टोरिया में एक प्रमुख हिंदू मंदिर पर हाल ही में हुए नस्लवादी हमले ने वहां रहने वाले भारतीय समुदाय में गहरी चिंता पैदा कर दी है। श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर ‘घर जाओ’ जैसे नारे और ‘भूरा’ जैसे नस्लवादी शब्द लिखे गए थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह कृत्य एक समुदाय को निशाना बनाकर किया गया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पास के दो एशियाई रेस्टोरेंट की दीवारों पर भी इसी तरह के घृणित शब्द लिखे गए थे। घटना की पुष्टि करते हुए, विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि वे बोरोनिया में चार संबंधित घटनाओं की जांच कर रहे हैं, जिनमें एक मंदिर और दो रेस्टोरेंट शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट द ऑस्ट्रेलिया टुडे ने पुलिस के हवाले से कहा, ‘पुलिस 21 जुलाई को बेज़वाटर और बोरोनिया में हुई नारों से संबंधित घटनाओं की जांच कर रही है। ऐसा माना जाता है कि माउंटेन हाईवे पर स्थित एक उपचार केंद्र के बाहर रात भर कुछ आपत्तिजनक शब्द लिखे गए थे। इसके कुछ ही समय बाद, सुबह 9.30 बजे, बोरोनिया के वाडहर्स्ट ड्राइव स्थित एक मंदिर पर अपमानजनक भित्तिचित्र पाए गए। बोरोनिया रोड पर दो रेस्टोरेंट में भी इसी तरह के भित्तिचित्र देखे गए।

ऑस्ट्रेलियाई हिंदू परिषद के विक्टोरिया चैप्टर के अध्यक्ष मकरंद भागवत ने सोमवार सुबह इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मंदिर में घृणित शब्दों के साथ तोड़फोड़ होते देखना स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं दोनों के लिए हृदय विदारक है। हमारा मंदिर शांति, भक्ति और एकता का केंद्र है।”

विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन ने भी इस घटना की निंदा करते हुए इसे घृणित और नस्लवादी बताया। इसके अलावा, एडिलेड में एक भारतीय छात्र पर नस्लीय हमला हुआ, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया। 23 जुलाई को, चरणप्रीत सिंह अपनी पत्नी के साथ बाहर थे, जब उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पांच लोगों का एक समूह अपनी कार से उतर और बिना किसी उकसावे के चरणप्रीत सिंह की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें नस्लवादी शब्द भी कहे गए।

Share This Article