Vedant Samachar

महानदी जल : ओडिशा और छत्तीसगढ़ वर्षों से चला आ रहा विवाद – केंद्र सरकार के सहयोग से दोनों राज्य आपसी बातचीत के जरिए निकाल सकते हैं समाधान

Vedant samachar
2 Min Read

भुवनेश्वर: महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छत्तीसगढ़ के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत पर जोर दिया है। लोक सेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सीएम माझी ने कहा कि केंद्रीय जल आयोग के माध्यम से इस दिशा में प्रयास हो रहे हैं, लेकिन प्रगति धीमी है। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार के सहयोग से दोनों राज्य आपसी बातचीत के जरिए इस मुद्दे का हल निकाल सकते हैं।

मुख्यमंत्री माझी ने केंद्रीय जल आयोग की तकनीकी सहायता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला, जो इस विवाद को सुलझाने में महत्वपूर्ण हो सकती है। यह कदम फरवरी में हुए अखिल भारतीय राज्य जल संसाधन मंत्रियों के सम्मेलन और मार्च में भुवनेश्वर में विश्व जल दिवस के मौके पर ओडिशा के सीएम माझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बीच हुई चर्चा के बाद उठाया गया है। दोनों नेताओं ने महानदी जल विवाद को सुलझाने पर जोर दिया था।

बैठक में महाधिवक्ता पीतांबर आचार्य, मुख्य सचिव मनोज आहूजा और जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बता दें कि दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी पहले से ही इस मामले पर चर्चा कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके। इस विवाद का समाधान न केवल दोनों राज्यों के लिए, बल्कि क्षेत्रीय सहयोग और जल संसाधन प्रबंधन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article