अमलीडीह फ्लाईओवर पर सर्विस रोड निर्माण की मांग तेज, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र - vedantsamachar.in

अमलीडीह फ्लाईओवर पर सर्विस रोड निर्माण की मांग तेज, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र

रायपुर 20 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष Dr. Raman Singh ने राजधानी रायपुर के अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड निर्माण को लेकर पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री Arun Sao को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रायपुर ग्रामीण के विधायक Motilal Sahu के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अमलीडीह फ्लाईओवर क्षेत्र की यातायात समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि फ्लाईओवर पर चढ़ने और उतरने के लिए तीन दिशाओं में सामान्य सड़कें मौजूद हैं, लेकिन खुशी-वाटिका कॉलोनी की ओर पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण मार्ग का निर्माण अब तक नहीं हो सका है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि वर्तमान में प्रचलित तीनों सड़कों का तत्काल उन्नयन किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। साथ ही खुशी-वाटिका की ओर मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कॉलोनी पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान निकाला जाए।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड का निर्माण होने से देवेंद्रनगर, शंकरनगर, फाफाडीह, उरला, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा। इसके अलावा वीआईपी रोड और अमलीडीह मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र के माध्यम से उप मुख्यमंत्री अरुण साव से आग्रह किया है कि अमलीडीह फ्लाईओवर में चारों दिशाओं में सर्विस रोड की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।