गेवरा, 20 जुलाई 2025। कोयला मजदूर सभा एचएमएस ने गेवरा प्रोजेक्ट के यूनियन सदस्यता सत्यापन में एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा है। लगातार 26 वर्षों से यह यूनियन इस प्रोजेक्ट में नंबर वन स्थान पर बरकरार है।
इस बार के सदस्यता सत्यापन में कोयला मजदूर सभा एचएमएस ने 514 सदस्यों के साथ पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि संगठन के पदाधिकारियों और कर्मठ सदस्यों की जी तोड़ मेहनत का नतीजा है।
संगठन के वरिष्ठ साथियों के साथ युवा जुझारू साथियों ने भी सदस्यता सत्यापन में बढ़-चढ़ कर अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनके जोश और जूनून ने संगठन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोयला मजदूर सभा एचएमएस के महामंत्री एस डी मानिकपुरी ने कहा, “यह उपलब्धि हमारे संगठन की मजबूती और एकता का परिणाम है। हमारे पदाधिकारियों और सदस्यों की कड़ी मेहनत और लगन ने हमें इस मुकाम तक पहुंचाया है।”
उन्होंने गेवरा क्षेत्र और गेवरा प्रोजेक्ट के समस्त पदाधिकारियों और जांबाज साथियों को सहृदय आभार बधाई एवं धन्यवाद दिया।



