कोरबा,20 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में “साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड” (SECL) में कर्मचारियों के लिए लागू की गई ड्रेस कोड का पालन अब एसईसीएल की खदानों और दफ़्तरों में भी शुरू हो गया है। पुरूष कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नेवी ब्लू पैंट व स्काई ब्लू शर्ट में जबकि महिला कर्मचारी हल्के आसमानी नीले रंग का कुर्ता, गहरे नेवी ब्लू रंग का सलवार और दुपट्टा या गहरे नेवी ब्लू बॉर्डर वाली हल्के आसमानी रंग की साड़ी पहनकर ड्यूटी आ रही हैं। वहीं एसईसीएल में अब से ड्रेस कोड का पालन पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया गया है।
कोल इंडिया निदेशक मंडल की बैठक में एसईसीएल सहित सभी सभी अनुषंगी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए समान रूप से ड्रेस कोड योजना लागू करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए कोल इंडिया ने सभी कर्मचारियों को समान रूप से ड्रेस कोड का पालन कराने के लिए प्रत्येक कर्मचारियों को 12 हजार 500 रूपए अग्रिम रूप से भुगतान किया है, ताकि वे निर्धारित ड्रेस की खरीदी कर सकें। प्रबंधन ने कर्मचारियों को ड्रेस बनवाने के लिए ब्रांडेड कंपनी के कपडे़ की खरीदी करने कहा था। वहीं ड्रेस खरीदी का जीएसटी के साथ कंपनी को बिल भी जमा का निर्देश कर्मचारियों को दिया गया है।



