राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज रायपुर आएंगी, कार्यक्रमों में होंगी शामिल

कोरबा,25अक्टूबर (वेदांत समाचार )। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज 25 अक्टूबर को राजधानी रायपुर आएंगी। राष्ट्रपति मुर्मु 25 और 26 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान रायपुर और दुर्ग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 25 अक्टूबर को 11:10 बजे विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर आएंगी। इसके बाद वहां एम्स रायपुर जाएंगी। वहीं 11:45 से 12:45 बजे तक एम्स रायपुर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।

इसके बाद वे वहां से दोपहर एक बजे राजभवन रायपुर आएंगी। राष्ट्रपति मुर्मु राजभवन से दोपहर 3:20 बजे एनआईटी रायपुर जाएंगी और साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे तक एनआईटी के 14वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे वहां से पुरखौती मुक्तांगन जाएंगी। शाम 5:15 बजे से शाम साढ़े छह बजे तक आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना के तहत 9वीं किश्त की राशि रिमोट का बटन दबाकर जारी करेंगी।
इस योजना के तहत राज्य की 70 लाख महिलाओं को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। राष्ट्रपति मुर्मु पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखण्ड का लोकार्पण और आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात और चर्चा करेंगी। इसके बाद वे शाम 7:05 बजे राजभवन आएंगी। राजभवन में निर्धारित कार्यक्रम के लिए 7:30 बजे तक का उनका समय आरक्षित रहेगा।

राष्ट्रपति मुर्मु राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शामिल होंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 अक्टूबर को सुबह 9:20 बजे राजभवन से प्रस्थान कर गायत्री नगर रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर जाएंगी और वहां दर्शन और आरती के बाद रायपुर एयरपोर्ट जाएंगी और वहां से विशेष हेलीकॉप्टर से भिलाई के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु सुबह सवा 11 बजे से दोपहर सवा 12 बजे तक आईआईटी भिलाई के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति मुर्मु वहां से हेलीकॉप्टर से दोपहर एक बजे रायपुर एयरपोर्ट वापस आएंगी और नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री के नवीन शासकीय आवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा उनके सम्मान में आयोजित दोपहर भोज में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोपहर साढ़े तीन बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष युनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ नवा रायपुर जाएंगी। वहां आयोजित तृतीय दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। वे शाम 5:10 बजे रायपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

[metaslider id="122584"]
[metaslider id="347522"]