KORBA SECL:में निजी कंपनियों के कर्मचारियों ने दिवाली बोनस को लेकर किया प्रदर्शन

कोरबा, 25 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मानिकपुर स्थित जीएम कार्यालय में निजी कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने दिवाली बोनस की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं और बोनस नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

एसईसीएल के एरिया मैनेजर एच. के. प्रधान ने बताया कि बोनस देने को लेकर किसी तरह का आदेश नहीं आया है, लेकिन एसईसीएल ने पत्राचार किया है और आदेश आने के बाद ही कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा।

कर्मचारियों ने 26 तारीख को बिलासपुर स्थित सीएमडी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। निजी कंपनी में काम करने वाले रमेलाल धीवर ने बताया कि दशहरा और दीपावली बोनस को लेकर निजी कंपनी के कर्मचारियों की वार्ता अधिकारियों के साथ चल रही थी, लेकिन यह वार्ता विफल रही।

इस प्रदर्शन में कुसमुंडा माइंस, गेवरा माइंस और मानिकपुर माइंस के निजी कंपनी के कर्मचारी शामिल थे। कर्मचारियों की मांग है कि वे एसईसीएल खदान में निजी कंपनियों के लिए काम करते हैं और पिछले कई सालों से दीपावली बोनस की जायज मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें यह नहीं दिया गया है।

मानिकपुर खदान में कलिंगा कंपनी, विनय उपाध्याय कंपनी, एके राकेश टी टाइन, के अलावा अन्य निजी कंपनियाँ हैं, जहां कर्मचारी काम करते हैं। वहीं, कुसमुंडा माइंस में नीलकंठ कलिंगा के अलावा अन्य निजी कंपनियाँ हैं। इसी तरह गेवरा में भी यही कंपनियाँ काम कर रही हैं और इन कंपनियों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर बोनस के लिए आंदोलन छेड़ा है।

[metaslider id="122584"]
[metaslider id="347522"]