Vedant Samachar

CG NEWS : गरियाबंद-बेटियाँ सीख रहीं खुद की हिफाज़त,आत्मरक्षा से बढ़ा आत्मबल और आत्मविश्वास,अब हर चुनौती का डटकर करेंगी सामना…

Vedant Samachar
2 Min Read

गरियाबंद,17जुलाई(वेदांत समाचार)। महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत गरियाबंद जिले के 5 शासकीय विद्यालयों में किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण 7 जुलाई से 11 जुलाई तक कलेक्टर बी.एस. उईके के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम शासकीय हाई स्कूल सढ़ौली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीपरछेड़ी,

कन्या हाई स्कूल मैनपुर, हाई स्कूल नहरगांव एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरियाबंद में संपन्न हुआ। ताइक्वांडो मास्टर ट्रेनर सुश्री किरण मरकाम द्वारा बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक गुर सिखाए गए, जिनमें मार्शल आर्ट्स की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बढ़ाने की गतिविधियाँ भी शामिल थीं। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक सुश्री मनीषा वर्मा ने कहा कि, “यह प्रशिक्षण किशोरियों को न केवल शारीरिक रूप से सक्षम बनाता है,

बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी भी बनाता है। यह पहल मिशन शक्ति के उद्देश्यों के अनुरूप है जिसमें छात्राओं को सभी योजनाओं और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।” कार्यक्रम में नवा बिहान संरक्षण अधिकारी लता पटेल, सखी वन स्टॉप सेंटर से पैरालीगल कार्मिक सुश्री निशा नेताम, महिला सशक्तिकरण केन्द्र से वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ श्रीमती अर्चना सिंह, सुश्री शोभा मरकाम एवं कार्यालय सहायक श्वेता शुक्ला सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस पहल से जिले की किशोरी बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर नया आत्मविश्वास जगा है और यह प्रशिक्षण उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Share This Article