रायगढ़ के पूर्व महापौर ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, सोशल मीडिया पर दी जानकारी…

रायगढ़ 07 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। रायगढ़ के पूर्व महापौर और कांग्रेस के दिग्गज नेता जेठूराम मनहर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। जेठूराम मनहर रायगढ़ के पहले महापौर रहे हैं। वे दो बार पार्षद और एक बार महापौर रहे हैं।

जेठू राम मनहर की रायगढ़ की राजनीति में अहम भूमिका रही है और उनके इस कदम से कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारण बताए हैं। लेकिन, स्थानीय राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि, उनका यह निर्णय सिर्फ व्यक्तिगत नहीं है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मनहर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

बीजेपी में शामिल होने के लगाए जा रहे कयास
भाजपा में उनके प्रवेश से शहर की राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है। सभी की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि, जेठूराम मनहर भविष्य में किस राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ेंगे। उनके इस्तीफे से रायगढ़ की राजनीति में भूचाल आ गया है। अगर वे भाजपा में शामिल होते हैं, तो यह कांग्रेस के लिए एक और बड़ा झटका हो सकता है।