कोंडागांव के छात्रों ने जोन स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में किया जिले का नाम रोशन

कोंडागांव, 05 अक्टूबर 24 (वेदांत समाचार)। जगदलपुर में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2024 में कोंडागांव जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। इस प्रतियोगिता में कोंडागांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उड़ीदगांव, विकासखंड माकड़ी के छात्र संतलाल नेताम और हरिश मरकाम ने अपने मैथमेटिकल मॉडल के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के बाद दोनों छात्रों का चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी 2024 के लिए हुआ है, जो 15 से 18 अक्टूबर के बीच अंबिकापुर में आयोजित होगी। इस सफलता के लिए छात्रों को विद्यालय की विज्ञान शिक्षिका दुर्गेश्वरी साहू का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी आदित्य चांडक ने इस अवसर पर प्राचार्य फूलनदेवी नेताम और दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए गांधीजी के शब्दों को दोहराया, भारत की सच्ची प्रतिभा सुदूर गांवों में बसती है। जिस दिन गांव का हर बच्चा शिक्षित होगा, उस दिन भारत पूर्ण विकसित राष्ट्र बन जाएगा। इस कार्यक्रम के जिला प्रभारी, पीएम श्री सेजेस महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव के व्याख्याता अखिलेश गायधने ने विज्ञान शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में भारत के युवा विश्व में सबसे बड़ी प्रतिभा के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने कहा, विज्ञान शिक्षा का प्रसार युवाओं की क्षमता को निखारने के लिए आवश्यक है।