डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित की जाए: कलेक्टर

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

बालोद 02 अक्टूबर 24 (वेदांत समाचार)। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले मंे डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दल्लीराजहरा सहित जिले के सभी नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू मलेरिया आदि बीमारियों के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की जानकारी ली।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर एके लकरा, डीआर ठाकुर एवं पूजा बंसल सहित सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। कलेक्टर चन्द्रवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से जिले में डेंगू मलेरिया आदि बीमारियों के रोकथाम हेतु समाचार पत्रों तथा मुनादी आदि के माध्यम से आम जनता को इन बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों को बीमारियों से बचाव के उपाय के संबंध में समुचित प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जागरूकता रैली आदि विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने तथा बीमारियों से ग्रसित लोगों के समुचित ईलाज की भी पुख्ता उपाय करने को कहा। बैठक में चन्द्रवाल जिले में ’स्वच्छता ही सेवा 2024’ कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी नगरीय निकायों में इस संबंध में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान चन्द्रवाल ने राज्य में 15 नवंबर से शुरू हो रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य के तैयारियों की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिले में इस कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियों सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में चन्द्रवाल ने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य की समीक्षा करते हुए राजस्व एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागवार स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को जाति प्रमाण पत्र के साथ-साथ स्कूली बच्चों का आय एवं निवास प्रमाण पत्र भी बनाने के भी निर्देश दिए। बैठक में चन्द्रवाल ने राज्य शासन के निर्देशानुसार सड़क में घुमंतु पशुओं के विचरण के कारण होने वाली समस्याओं की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से आम जनता को इस समस्या से निजात दिलाने हेतु किए गए उपायों के संबंध में भी जानकारी ली। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने घुमंतु एवं पालतु पशुओं को चिह्नित करने तथा इन पशुओं में रेडियम पट्टी लगाने के अलावा चरवाहों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में चन्द्रवाल ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ब्लैक स्पाॅट को चिह्नित कर उनका समुचित साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए।