छत्तीसगढ़: पत्रकार समेत 3 लोगों के घर NIA की रेड, नक्सल से जुड़े केस में एजेंसी की छापेमारी, बड़ी संख्या में फोर्स तैनात

कांकेर। जिले में NIA ((राष्ट्रीय जांच एजेंसी)) की टीम ने पत्रकार समेत 3 लोगों के घरों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि NIA ने सुबह से बड़ी संख्या में फोर्स लेकर दबिश दी है। तीनों के घरों से टीम दस्तावेज समेत अन्य सुराग खंगाल रही है। मामला आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के उसेली गांव का है।

मिली जानकारी के मुताबिक NIA की टीम ने पत्रकार वीरेंद्र पटेल सहित 3 लोगों के घरों में नक्सल से जुड़े केस में सर्चिंग चला रही है। स्थानीय पत्रकार वीरेंद्र पटेल अपने घर से बाहर बताए जा रहे हैं।

कांकेर जिले में NIA ((राष्ट्रीय जांच एजेंसी)) की टीम ने पत्रकार समेत 3 लोगों के घरों पर छापेमारी की है।

NIA की टीम देर रात कांकेर पहुंची

NIA की टीम ने तीनों संदिग्धों के घरों के बाहर स्थानीय पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई है। बताया जा रहा है कि NIA की टीम देर रात कांकेर पहुंची थी। सुबह 4 बजे से नक्सल प्रभावित इलाका आमाबेड़ा पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ घरों में सर्चिंग कर रही है।

ग्रामीण बोले- टीम ने घर-घर जाकर पूछताछ की

ग्रामीणों का कहना है कि NIA की टीम अचानक से गांव में पहुंची। घर-घर जाकर पूछताछ की। पत्रकार के घर पर भी विशेष रूप से तलाशी ली। हालांकि अभी तक तलाशी से क्या जानकारी सामने आई है। इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

26 जून को इसी इलाके में NIA ने की थी छापेमारी 

NIA ने 26 जून को कांकेर के आमाबेड़ा इलाके में छापेमारी की थी। जिले के करीब आधे दर्जन इलाकों में दबिश दी गई। इसके बाद कई संदिग्ध दस्तावेजों के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया था। साथ ही कई मोबाइल फोन, प्रिंटर सहित कैश बरामद किया था।

5 फरवरी 2024 को अपराध दर्ज किया था

बता दें कि कांकेर पुलिस ने 5 फरवरी 2024 को अपराध दर्ज किया था, जिसे 22 फरवरी को एनआईए ने अपने कब्जे में लिया। इसके बाद से लगातर NIA अब कांकेर में छापेमारी कर जांच कर रही है।