Vedant Samachar

कार की टक्कर से 3 की मौत : बाइक सवार दो नर्सिंग स्टूडेंट और एक राहगीर की मौत, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

Vedant Samachar
3 Min Read

बीकानेर,14जुलाई(वेदांत समाचार) : बीकानेर में कार की टक्कर से दो नर्सिंग स्टूडेंट सहित तीन की मौत हो गई। नर्सिंग स्टूडेंट बाइक पर सवार थे। उनकी बाइक को सामने से आती कार ने टक्कर मारी थी। वहीं तीसरा राहगीर भी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि नर्सिंग स्टूडेंट्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। सड़क खून से लाल हो गई थी। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार के आगे का हिस्सा भी पिचक गया। हादसे के बाद कार चालक भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

हादसा जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में जयपुर-जोधपुर बाइपास का है। जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस के अनुसार- हादसा रविवार देर रात करीब एक बजे जयपुर-जोधपुर बाइपास पर हुआ था। एक बाइक पर दो नर्सिंग स्टूडेंट खुमाराम (21) पुत्र रेवंतराम निवासी शैतान सिंह नगर, लोहावट फलोदी और इंद्र कुमार (21) पुत्र अशोक कुमार निवासी वार्ड तीन श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर) सवार थे। जयपुर-जोधपुर बाईपास पर टोल रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक कार के आगे के हिस्से से टकराई और दोनों स्टूडेंट उछलकर सड़क पर गिर गए। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

कार के अंदर के सेफ्टी बैलून भी खुल गए। टक्कर में बाइक सवारों के साथ ही एक राहगीर अरविंद कुमार पुत्र हेतराम निवासी घड़साना भी चपेट में आ गया। राहगीरों ने तीनों को हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया- सड़क खून से लाल हो गई थी। हादसे में दोनों नर्सिंग स्टूडेंट्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहगीर अरविंद ने इलाज के दौरान पीबीएम हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी है। परिवारों के बीकानेर आने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

खुमाराम और इंद्रकुमार पीबीएम हॉस्पिटल के पास संचालित सरकारी नर्सिंग कॉलेज के स्टूडेंट थे। नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल घनश्याम जांगिड़ ने बताया- दोनों फोर्थ ईयर के स्टूडेंट्स थे। कॉलेज से बाहर कमरा किराए पर लेकर रहते थे। रात के समय भोजन करने के लिए गए थे और रास्ते में कार से एक्सीडेंट हो गया।

Share This Article