कोरबा/दीपका, 27 जनवरी(वेदांत समाचार)। इंडस पब्लिक स्कूल (आईपीएस) दीपका में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया। प्रातः 7:30 बजे विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता के करकमलों से ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा मधुर देशभक्ति गीत से हुई। इसके बाद संस्कृत विभागाध्यक्ष योगेश शुक्ला ने संस्कृत भाषा में गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ, समृद्ध एवं निरोगी जीवन की कामना की। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रताप कुमार ने गणतंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कर्तव्यों एवं अधिकारों की जानकारी दी।

नृत्य प्रशिक्षक महेश दास द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य तथा शिक्षिकाओं द्वारा ‘वंदे मातरम्’ पर दी गई नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं की देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षक हेमलाल श्रीवास एवं प्रताप कुमार ने किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ था, जो विश्व का सबसे विस्तृत लिखित संविधान है। यह हमें हमारे मूल अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान को भी स्मरण किया।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. पवन ने कहा कि भारत अपनी सभ्यता, संस्कृति और विविधता के कारण पूरे विश्व में अद्वितीय है। भारतीय संविधान हमें सदैव कर्तव्य और अधिकारों के प्रति जागरूक करता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित पूरे विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।



