कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल हमीद हयात नहीं रहे

रायपुर । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल हमीद हयात का कल देर रात राजधानी के एक निजी हास्पिटल में 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। कांग्रेस की राजनीति में वे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के काफी करीबी थे। जब भी दिग्गी राजा रायपुर आते थे हमीद भाई के निवास नाश्ते पर जरूर पहुंचते थे। कांग्रेस में संगठन क्षमता के वे पर्याय थे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष लंबे समय तक रहे वहीं कुछ समय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भी रहे।

कुछ समय के लिए वे जोगी कांग्रेस में भी चले गए थे लेकिन फिर से कांग्रेस में आ गए। स्वरूपचंद जैन, गुरुबक्श छाबड़ा,प्रमोद चौबे के साथ उनकी एक बड़ी टीम शहर कांग्रेस में हर चुनाव के दौरान सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं। हर छोटे बड़े कार्यकर्ता की जानकारी उनके पास रहती थी। गैस हाउस मोतीबाग में वे अपने गैस एजेंसी का कारोबारी संचालन कर रहे थे। हमीद भाई के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम,पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के सभी नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है। शाम 5 बजे उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा मौदहापारा कब्रिस्तान जायेगी।