छत्तीसगढ़: मानसून की विदाई को 8 दिन बचे, इन संभागों में कल से फिर झमाझम बारिश; अबतक 5% ज्यादा बरसा पानी

रायपुर।प्रदेश में तेज गर्मी और उमस के बीच शनिवार देर रात से मौसम अचानक बदला। इसके चलते रात में रायपुर और तड़के दुर्ग जिले के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश हुई। हालांकि सुबह होते-होते फिर तेज धूप निकल आई है। इसके चलते एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है।

वहीं अगले 5 दिनों तक रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 सितंबर से फिर बस्तर संभाग के कई जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बीजापुर में सबसे ज्यादा बारिश

शनिवार को प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रही। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश बीजापुर के कुटरु में 50 मिमी हुई है। वहीं गंगालूर, कुसमी, सुकमा, दंतेवाड़ा में 30 मिमी, पखांजूर, सगीदम, उसूर में 20 मिमी और दोरनापाल में 1 0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

क्या कहना है मौसम विज्ञानी का

समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका बीकानेर, गुना, मंडला, राजनांदगांव, गोपालपुर से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। 23 सितंबर को उत्तर-पश्चिम और पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जिसकी वजह से बस्तर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है।

क्या है मानसून की विदाई 

प्रदेश में मानसून की विदाई को 8 दिन बचे है। 1 जून से 30 सितंबर का मानसून सीजन होता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून जब शुरू होता है तब पूरे देश में हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम हो जाती है। जून से सितंबर यानी मानसून अवधि में हवा अरब सागर की ओर से होकर पूरे पूरे भारत में बहती है।

इसलिए इसे दक्षिण-पश्चिम मानसून कहा जाता है। इस तरफ से आने वाली हवा अपने साथ समुद्र की नमी लेकर आती है और इसी से बारिश होती है। मानसून विदा होने का मतलब है कि हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम से बदलकर उत्तर और उत्तर-पूर्व हो जाना। इस सीजन में अब तक 1160.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से 5 प्रतिशत अधिक है।

रायपुर में देर रात झमाझम बारिश हुई। इसके बाद कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं।

रायपुर में हल्के बादल छाए रहेंगे

रायपुर में आज हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं दिन का तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है। शनिवार को रायपुर ने तेज धूप ने लोगो को परेशान किया दिन का पारा 35.3 डिग्री रहा जो समान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा था।

ऐसा रहा तापमान 

प्रदेश में शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान 35.8°C मुंगेली और न्यूनतम तापमान 21.9°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। बिलासपुर में दिन का पारा सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। अंबिकापुर में 3.4 डिग्री, जगदलपुर में 2.3 डिग्री पारा अधिक रहा।