कोरबा,12 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के एक शासकीय विद्यालय में दो छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि दादरखुर्द स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में दो छात्रों के बीच मारपीट हुई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया। यह घटना शिक्षक की लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाती है।
नोटिस में शिक्षक श्रीमती लता जायसवाल को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यदि शिक्षक का जवाब संतोषप्रद नहीं होता है, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने विद्यालयों में अनुशासन और छात्रों की सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ा दी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों में अनुशासन और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
