रायगढ़, 19 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में साइबर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच साइबर थाना रायगढ़ ने 128 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की कुल कीमत 25 लाख 60 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस किए।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक और साइबर टीम के सदस्य मौजूद रहे। मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके कई लोग अपने फोन वापस पाकर भावुक हो उठे और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइल की शिकायतों के समाधान के लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। जैसे ही कोई व्यक्ति इस पोर्टल पर अपने गुम मोबाइल की जानकारी दर्ज करता है, संबंधित सिम ब्लॉक कर दी जाती है और इसकी सूचना साइबर थाना को मिल जाती है। इसके बाद पुलिस मोबाइल को ट्रैकिंग में डालती है और टेलीकॉम कंपनियों की मदद से उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जाती है।
इसी प्रक्रिया के तहत रायगढ़ साइबर पुलिस ने 128 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस किए। ये मोबाइल बिहार, कोलकाता सहित कोरबा, जांजगीर और रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों में उपयोग में पाए गए। पुलिस ने संबंधित उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर मोबाइल बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
बरामद मोबाइल में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला जैसे ब्रांडेड स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल अब सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि बैंकिंग, दस्तावेज और निजी जानकारी का अहम साधन बन चुका है, इसलिए इसकी सुरक्षा बेहद जरूरी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी अन्य का गुम मोबाइल उपयोग करना अपराध है। यदि किसी को मोबाइल मिलता है तो उसे नजदीकी थाना या साइबर थाना में जमा करना चाहिए, अन्यथा पुलिस ट्रैक कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के निर्देशन में निरीक्षक विजय चेलक सहित साइबर टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

