भिलाई में गणेश पंडाल में DJ को लेकर विवाद, 3 युवकों की हत्या, 11 हमलावर हिरासत में

भिलाई, 8 सितंबर 2024: गणेश चतुर्थी के पहले दिन भिलाई के नंदिनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना हुई। गणेश पंडाल में डीजे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शनिवार देर रात मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गन्ने से पिटाई और चाकूबाजी से एक पक्ष के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि विवाद शुक्रवार को भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना पर म्यूजिक बजाने के दौरान शुरू हुआ था। इसके बाद शनिवार को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई।

इस घटना के बाद ग्रामीण भड़क गए और नंदिनी थाने का घेराव करने पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस विवाद की सूचना पर तुरंत मौक पर नहीं पहुंची। घटना की जानकारी होने पर जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला मौके पर पहुंच गए और खुद ही मोर्चा संभाला।

इस मामले में रात करीब डेढ़ बजे तक पटेल गुट की ओर से 8 और यादव गुट की ओर से 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण में है। मृतकों के परिवार में शोक मिश्रित आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।