मध्य प्रदेश : भीषण सड़क हादसा, बागेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की 4 की मौत, 6 घायल

विदिशा, 7 सितंबर (वेदांत समाचार)- मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बागेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन ट्रक में पीछे से भिड़ गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।

हादसे की जानकारी

हादसा शनिवार तड़के करीब 4 बजे सिरोंज नेशनल हाईवे पर हुआ। वाहन में 10 लोग बैठे हुए थे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि ट्रक जैसे ही मोड़ से हाइवे पर निकला पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईको मारुति उसमें पीछे से टकरा गई।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान किशन लाल, वरदी बाई, राजू बाई और विनोद कुमार के रूप में हुई है। ज्यादातर लोग झालावाड़ के रतलाई थाना क्षेत्र के रतलाई गांव के निवासी हैं। सभी लोग छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम में दर्शन करने गए थे और 12 दिन बाद अपने घर वापस जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ।

मुख्यमंत्री का बयान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पात्रता अनुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।