चक्रधर समारोह 2024: रायगढ़ में सांस्कृतिक महाकुंभ का शुभारंभ 7 सितंबर से

रायपुर, 06 सितंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 7 सितंबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में आयोजित 39वें चक्रधर समारोह-2024 का शुभारंभ करेंगे। यह समारोह 10 दिनों तक चलेगा और देश के ख्यातिनाम कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

पहले दिन पद्मश्री हेमा मालिनी ‘राधा रास बिहारी’ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा कथक और करमा नृत्य का संगम भी दिखाया जाएगा।

चक्रधर समारोह में 62 इवेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नृत्य, वादन, गायन और कवि सम्मेलन शामिल हैं। इस समारोह में स्थानीय कलाकारों से लेकर राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार शामिल होंगे।

मुख्य मंच और पंडाल तैयार है, जिसमें 29 हजार स्क्वायर फीट की बैठक व्यवस्था बनाई गई है। यह समारोह कला और संस्कृति के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जो रायगढ़ को सांस्कृतिक नगरी के रूप में प्रस्तुत करेगा।

समारोह का शुभारंभ श्री गणेश पूजन, दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से होगा। इसके बाद रायगढ़ कथक घराने के वरिष्ठ कलाकार तथा इस वर्ष पद्मश्री से नवाजे गए श्री रामलाल जी को कथक घुंघरू सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा भूपेंद्र बरेठ और साथी कलाकारों द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी के लोक विधा करमा नृत्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। जशपुर के मनियर भगत एवं साथी के द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।