लंदन,11जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक जो रूट 99 और स्टोक्स 39 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। स्टंप्स से ठीक पहले मुकाबले में एक ऐसी घटना हुई जिसे देखकर आपकी भी हंसी छूट जाएगी।
जडेजा ने रूट को एक रन के लिए ललचाया
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट 99 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। वह अपने 37वें टेस्ट शतक से सिर्फ एक रन दूर हैं। दिन का खेल समाप्त होने के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रूट 98 के स्कोर पर थे। उन्होंने जोरदार शॉट खेला और एक रन लिया। लेकिन जैसे ही उन्होंने दूसरा रन लेने की कोशिश की तुरंत ही रवींद्र जडेजा ने उन्हें ललचाना शुरू कर दिया। वह उन्हें दूसरा रन लेने के लिए चिढ़ाते नजर आए। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पहले दिन इंग्लैंड ने चार विकेट पर बनाए 251 रन
इस मुकाबले में दोनों टीमें एक-एक बदलाव के साथ उतरी हैं। इंग्लैंड ने जोश टंग की जगह जोफ्रा आर्चर और भारत ने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह जसप्रीत बुमराह को शामिल किया। पहली पारी में इंग्लैंड की शुरुआत झटकों के साथ हुई। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने सलामी जोड़ी को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लिए। पहले नीतीश ने बेन डकेट को पंत के हाथों कैच कराया। इसके बाद जैक क्राउली को विकेट के पीछे पंत से कराया। दोनों ने क्रमश: 23 और 18 रन बनाए।
इसके बाद जो रूट और ओली पोप मोर्चा संभाला और दूसरे सत्र में भारत को कोई सफलता नहीं हासिल करने दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 211 गेंदों में 109 रन की शतकीय साझेदारी हुई, जिसे जडेजा ने तीसरे सत्र में तोड़ा। उन्होंने पोप को अपना शिकार बनाया। वह 104 गेंदों में चार चौके की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैरी ब्रूक को बुमराह ने बोल्ड कर दिया। वह सिर्फ 11 रन ही बना पाए। फिलहाल क्रीज पर रूट और स्टोक्स मौजूद हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 170 गेंदों में 79 रनों की साझेदारी हो चुकी है। रूट अपने 37वें टेस्ट शतक से महज एक रन दूर हैं। भारत के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने दो विकेट ले चुके हैं जबकि जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने एक-एक सफलता अपने नाम की है।



