Vedant Samachar

पहली बार नामीबिया पहुंचे PM मोदी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत… इन मुद्दों पर करेंगे चर्चा

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,09जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह नामीबिया की राजधानी विंदहोक पहुंचे। यह उनका नामीबिया का पहला दौरा है और किसी भारतीय प्रधानमंत्री का तीसरा दौरा। उनके स्वागत में वहां विशेष इंतजाम किए गए और उन्हें सम्मानपूर्वक रिसीव किया गया। विंदहोक स्थित होशिया कुटाको इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का रस्मी स्वागत किया गया। पारंपरिक नामीबियाई संस्कृति और भारतीय धुनों के साथ उन्हें भव्य स्वागत मिला, जो दोनों देशों के रिश्तों की गर्मजोशी को दर्शाता है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

राष्ट्रपति से मुलाकात और संसद को संबोधन

आपको बता दें कि इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी, नामीबिया के राष्ट्रपति नांदी-नदैत्वाह से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा वह नामीबिया की पार्लियामेंट को भी संबोधित करेंगे, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

नामीबिया के संस्थापक को श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी, नामीबिया के पहले राष्ट्रपति और स्वतंत्रता संग्राम के नायक डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। भारत और नामीबिया के रिश्ते सिर्फ सांस्कृतिक या राजनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक और ऊर्जा सहयोग की दिशा में भी बढ़ रहे हैं। नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि भारत, नामीबिया से यूरेनियम आयात करने पर विचार कर रहा है। हाल ही में नामीबिया में हुई तेल और गैस की खोज में भारत की गहरी रुचि है। इसके साथ ही, भारत नामीबिया के अन्य खनिज संसाधनों में भी दिलचस्पी रखता है।

रिश्तों को नई ऊंचाई मिलेगी, विदेश मंत्रालय

भारत के विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को और गहरा करने वाला बताया है। मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत-नामीबिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और विकास, ऊर्जा, खनिज, और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खोलेगी।

ब्रिक्स सम्मेलन के बाद नमीबिया यात्रा

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील में दो दिवसीय दौरा किया था, जहाँ उन्होंने 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया। वहां उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

भारत-नामीबिया संबंधों में नया अध्याय

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और नामीबिया के बीच संबंधों को राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से एक नए युग में प्रवेश दिला सकती है। ऊर्जा और खनिज क्षेत्र में संभावनाओं के साथ, यह दौरा दोनों देशों के लिए विन-विन साबित हो सकता है।

Share This Article