कांग्रेस पार्षद ने नगर निगम के नाम पर की अवैध वसूली, FIR दर्ज होते ही फरार

बिलासपुर I ​बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 50 में बहतराई के पास मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत दुकानों का निर्माण किया गया है। यहां के पार्षद अमित कुमार सिंह ने दुकानों के आबंटन के नाम से कई लोगों से अवैध वसूली कर ली है। बताया जा रहा है, निगम का फर्जी रसीद बनाकर लोगों से अवैध वसूली की गई है। मामले में थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

दरअसल, बिलासपुर में नगर निगम के नाम से कांग्रेस पार्षद के अवैध वसूली का मामला सामने आया है। निगम का फर्जी रसीद देकर कांग्रेस पार्षद ने दुकानदारों से अवैध वसूली की है। जांच के बाद निगम ने पार्षद के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में कांग्रेस पार्षद के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

निगम को इसकी शिकायत मिली थी। जिसपर निगम ने टीम बनाकर इसकी जांच कराई। जांच में ये बातें सामने आई कि, कांग्रेस पार्षद ने जालसाजी व कूटरचना कर निगम के फर्जी रसीद के जरिए कई लोगों से अवैध वसूली की है। 7 दुकानदारों से 2 लाख से अधिक की वसूली की गई है। मामले में जानकारी नगर निगम बिलासपुर अमित कुमार ने दी है।जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद निगम ने अब इसकी लिखित शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है।