महादेव सट्टा एप मामले में गिरफ्तार आरक्षक बर्खास्त, एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने जारी किया आदेश…

दुर्ग, 15 जुलाई। महादेव सट्टा एप मामले में चार दिन पहले गिरफ्तार आरक्षक सहदेव सिंह यादव को दुर्ग एसपी ने बर्खास्त कर दिया है। बताया जाता है कि लंबे समय से फरार चल रहे सहदेव को ईओडब्ल्यू ने राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र के केमक ढाबे से गिरफ्तार किया था।

बता दें कि सहदेव को पहले ही निलंबित किया जा चुका था और 127 दिन से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के गंभीर आरोपों के चलते बर्खास्त किया गया है। एसपी के आदेश में बताया गया है कि सहदेव पर पुलिस रेग्युलेशन और सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करने के आरोप हैं।

सहदेव यादव के कब्जे से 11 बैंक खातों में जमा दो करोड़ रुपये को फ्रीज किया गया है, और एसीबी ने सट्टे के पैसे से खरीदी गई इनोवा भी जब्त की है। इसके अलावा, सहदेव के दो भाई भीम यादव और अर्जुन यादव पहले से जेल में बंद हैं, तीनों भाई पुलिस विभाग में रहते हुए ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहे थे।