Korba News: नगर पालिका बांकीमोंगरा संचालन समिति की शैल अध्यक्ष नियुक्त, शकुंतला छुरी की अध्यक्ष मनोनित

कोरबा, 04 जुलाई । नगर प्रशासन एवं विकास विभाग ने नवगठित नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के संचालन के लिए समिति का गठन किया गया है। इस का अध्यक्ष पार्षद शैल राठौर काे मनोनित किया गया है। साथ ही परिषद संचालन के लिए उपाध्यक्ष समेत आठ सदस्यों की नियुक्ति की है। यहां बताना होगा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बांकीमोंगरा को नगर पालिक निगम से पृथक नगर पालिका का दर्जा दिया था। इसके साथ ही नगर निगम के 10 पार्षद नगर पालिका के अधीन हो गए थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने की वजह से अध्यक्ष पद की नियुक्ति नहीं हो सकी थी। अब नगर प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर की उपसचिव रेणुका श्रीवास्तव ने अधिसूचना जारी कर अध्यक्ष नियुक्त करते हुए समिति का भी गठन किया है। इसके तहत उपाध्यक्ष पद पर पार्षद कमला बरेठ व सदस्यों में प्रभावती चौहान, सतीश झा, लखपत शर्मा, अश्वनी मिश्रा, संतोष राठौर, मेलू पटेल, ज्योतिदास महंत को समिति में शामिल किया गया है।

पार्षद शकुंतला नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष मनोनित

राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एंव विकास विभाग रायपुर ने नगर पंचायत छुरीकला के वार्ड क्रमांक 14 की महिला पार्षद शकुंतला गो़ंड को आगामी आदेश तक अध्यक्ष मनोनित किया गया है। यहां बताना होगा कि 28 फरवरी 2024 को तत्कालीन अध्यक्ष नीलम देवांगन के खिलाफ पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इस दौरान नीलम को अध्यक्ष पद गंवाना प़ड़ा था। इसके बाद यह पद रिक्त पड़ा था। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका था। बताया जा रहा है कि नए अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर दोनों प्रमुख पार्टी पार्षदों द्वारा शंकुतला गोंड को अध्यक्ष मनोनीत करने की मांग की जा रही थी। वहीं कुछ भाजपा पार्षद स्वयं अध्यक्ष बनने को लेकर एड़ी- चोटी की जोर लगा रहे थे। परंतु पार्टी द्वारा पार्षदों की मांग पर शंकुतला गोंड को नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष मनोनीत किया गया। शंकुतला के अध्यक्ष की खबर मिलते ही पार्षदों में खुशी की लहर दौड़ गई।