Vedant Samachar

CG NEWS : बाघ के पगचिन्ह देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने किया अलर्ट…

Vedant Samachar
2 Min Read

धमतरी ,02जुलाई(वेदांत समाचार)। जिले के वन परिक्षेत्र में बाघ की आमद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। हाल ही में एक ग्रामीण ने जंगल में बाघ के पगचिन्ह देखे जिसकी सूचना उसने तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही सामान्य वनमंडल और सीतानदी-उदंती टाइगर रिज़र्व की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के पगचिन्हों की गहनता से जांच की। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह पगचिन्ह वास्तव में एक बाघ के ही हैं। वन विभाग के अनुसार यह वही बाघ है जो कुछ दिन पहले सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में देखा गया था।

अब यह बाघ सामान्य वनमंडल क्षेत्र में विचरण करते हुए उत्तरसिंगपुर इलाके में पहुंच गया है। बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होते ही विभाग ने उसकी निगरानी के लिए लगातार मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। बाघ के पगचिन्ह जहां मिले हैं, वहां से लगभग 10 किलोमीटर की परिधि में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को बिना जरूरी कारण के जंगल में न जाने की सख्त हिदायत दी है। इसके साथ ही गांव-गांव में मुनादी करवाकर लोगों को बाघ की मौजूदगी के बारे में सतर्क किया जा रहा है और सुरक्षा के उपाय समझाए जा रहे हैं।

वन विभाग लगातार ड्रोन सर्विलांस, ट्रैप कैमरों और गश्ती दलों की मदद से बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग का कहना है कि फिलहाल बाघ ने किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाई है लेकिन लोगों की सुरक्षा के मद्देनज़र हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की मांग है कि बाघ को सुरक्षित रूप से टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में वापस पहुंचाने के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएं।

Share This Article