कोरबा, 01 जुलाई (वेदांत समाचार)। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक (सीजीएम) एस.के. मोहंती के सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर गेवरा परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एस.के.मोहंती के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह की विशेष बात रही एसटीएलएल कंपनी के एरिया फील्ड मैनेजर और प्रसिद्ध कवि प्रभाकर शुक्ला द्वारा समर्पित की गई कविता। उन्होंने आपके अनुभवों से दुनिया सजे, आपकी मुस्कान से आए बहार, सेवानिवृत्त पर शुभकामनाएं शीर्षक से भावनात्मक कविता सुनाकर कार्यक्रम को आत्मीयता से भर दिया। एस.के.मोहंती ने इस रचना की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षण उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
अपने कार्यकाल के दौरान एस.के.मोहंती ने गेवरा क्षेत्र की खनन परियोजनाओं को नई दिशा दी और कर्मचारियों के हितों के प्रति सदैव संवेदनशील दृष्टिकोण बनाए रखा। उनके नेतृत्व में गेवरा परियोजना ने उत्पादन, सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। विदाई समारोह में कई सहकर्मियों ने मोहंती के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके अनुकरणीय नेतृत्व की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन सभी की ओर से उन्हें भावभीनी शुभकामनाओं के साथ किया गया।



