MP Crime News: दंपती ने गटका जहर, महिला बोली- एक लाख रुपये और AC की मांग करते थे पति और ससुराल वाले

ग्वालियर,14 जून 2024। जनकगंज क्षेत्र में रहने वाले दंपती ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर गटक लिया। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। जब महिला से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ बयान दिया है। महिला ने बताया कि पति और ससुराल वाले एक लाख रुपये व एसी के लिए प्रताड़ित करते थे। जब पीटा तो नींद की गोली खाली। पुलिस को पड़ताल में पता लगा है कि पहले महिला ने नींद की गोली खाई, इसके बाद उसके पति ने खा ली। फिलहाल महिला की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की गई है।

जनकगंज थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शेख की बगिया इलाके में रहने वाले करन वाल्मीकि की शादी पिछले साल भावना उम्र 20 वर्ष से हुई थी। शादी के बाद से ही भावना को उसके ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। पति एक लाख रुपये और एसी की मांग करता था। रात को इसी बात पर उसने मारपीट की। इसके चलते भावना ने नींद की गोलियां खा ली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब पत्नी ने नींद की गोलियां खाई तो करन ने भी यही किया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भावना की शिकायत पर करन और उसके परिवार वालों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, धमकाने सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।