NDA की जीत को सीएम साय ने बताया ऐतिहासिक, कहा- कांग्रेस के झूठ को जनता ने नकारा

रायपुर। लोकसभा चुनाव में इस बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा को बंपर जीत मिली है। ग्यारह लोकसभा सीटों में दस सीटों में भाजपा ने बढ़त बनाई है। भाजपा की बंपर जीत पर अब सीएम साय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम साय ने कहा कि चुनाव परिणामों पर कहा कि लगातार तीसरी बार देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए को भरपूर जनादेश दिया है। छत्तीसगढ़ में भी हमने इतिहास रचा है। साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने मोदी की गारंटी पर जनता ने अभूतपूर्व भरोसा दिखाया है। हमें माता-बहनों, किसान-मजदूरों, युवाओं-बुजुर्गों हर वर्ग का समर्थन मिला है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।

सीएम साय ने इंडी गठबंधन को घेरते हुए कहा कि यह चुनाव कांग्रेस और उसकी सहयोगी दलों द्वारा बोले गए झूठ और दुष्प्रचार के लिए जाना जाएगा। कांग्रेस ने तीसरी बार मोदी सरकार के आने पर देश में चुनाव नहीं होने का झूठ, संविधान पर झूठ, आरक्षण पर झूठ, महतारी वंदन पर झूठ, चावल योजना पर झूठ सहित विभिन्न विषयों पर झूठ बोला। छत्तीसगढ़ सहित देश की जनता ने कांग्रेस के झूठ पर भरोसा नहीं किया और भाजपा के पक्ष में अपना भरोसा दिखाया। इंडी गठबंधन द्वारा फैलाये गए तमाम दुष्प्रचार और झूठ के बावजूद राजग गठबंधन का बहुमत आना मोदी जी के प्रति जनता के अटूट भरोसे को दर्शाता है। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ सहित समूचे देश की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

ओडिशा में भाजपा की जीत पर भी कही ये बड़ी बात –

ओडिशा में भाजपा की बम्पर जीत पर सीएम साय ने कहा कि ओडिशा में भी सुशासन का सूर्योदय हुआ है। वहां सरकार बनने के साथ लोकसभा में भी अच्छी-खासी सीट मिली है। जिस तरह प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में सबने मेहनत की, मैंने, प्रदेश के नेताओं भी वहां रैलियां की, जिससे सबके प्रयासों से ओडिशा में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनी है और नवीन बाबू के नेतृत्व वाली 24 वर्षों से जमी बीजेडी सरकार को वहां की जनता ने नकार दिया। ओडिशा की जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया, इसके लिए वहां की जनता का आभार व्यक्त करते हैं।