राजस्थान,30जून2025 राजस्थान के मशहूर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में हाल ही में एक हैरान कर देने वाली घटना घटित हुई। भक्त बाबा बालाजी का दर्शन करने आए थे, तो मंदिर के गार्ड्स ने उनसे बुरी तरह मारपीट की। श्रद्धालु लाइन में लगे थे, तभी गार्ड्स ने उन पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। इस विवाद में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी घायल हुए। कई श्रद्धालुओं को चोटें आईं, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों में डर और गुस्सा फैल गया। इस क्रूरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे भक्तों पर लाठियों से हमला किया गया।
गार्ड्स ने मारी लाठियां-
रविवार को मेहंदीपुर बालाजी में भक्तों की एक बड़ी भीड़ इकट्ठा हुई थी। सभी भक्त अपनी बारी का इंतजार करने के लिए लाइन में खड़े थे। तभी अचानक, दर्शन के लिए लाइन में लगे भक्तों और सुरक्षा गार्ड्स के बीच किसी बात को लेकर विवाद छिड़ गया। यह विवाद तेजी से बढ़ा और गार्ड्स ने बिना सोचे-समझे भक्तों पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। इस हमले में कई भक्त बुरी तरह घायल हो गए।
वीडियो आई सामने-
इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें मंदिर के गार्ड्स भक्तों पर लाठियां बरसाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग सड़क पर मौजूद हैं और गार्ड्स अचानक उन पर हमला कर रहे हैं। कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन गार्ड्स लगातार लाठी चलाते रहते हैं। इस हिंसा के कारण कई लोग घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। एक बच्चे का सिर फट गया था और वह खून से लथपथ दिखाई दे रहा था। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन गार्ड्स को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल लोगों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। यह एफआईआर फरीदाबाद निवासी विनोद द्वारा दर्ज करवाई गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके। इसके अलावा, अन्य चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है।



