चिलचिलाती धूप में चलती मोपेड से गिरे बुजुर्ग शख्स की मौत

भोपाल। प्रदेश के साथ-साथ भोपाल शहर भी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम के बदले मिजाज का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। इसी क्रम में अरेरा कालोनी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर घर से अपनी मोपेड से सामान खरीदने निकले एक बुजुर्ग रास्ते में अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में हार्ट अटैक आने की भी संभावना जताई जा रही है। पुलिस उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

हबीबगंज थाना पुलिस के मुताबिक श्याम नगर निवासी 68 वर्षीय देवीदास पुत्र आत्माराम प्रवासे संस्कृति विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। वर्तमान में उनके घर में कुछ निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब सवा तीन बजे वह अपनी मोपेड से प्लम्बिंग का कुछ सामान लेने के लिए निकले थे। वह बिट्टन मार्केट क्षेत्र में पहुंचे थे, तभी तेज धूप में वह चक्कर खाकर मोपेड सहित गिर पड़े।

राहगीरों ने उन्हें 108 एंबुलेंस बुलाकर उपचार के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने देवीदास की मृत्यु के बारे में पता करने के लिए उनके शव को पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि उनकी जांच करने वाले डाक्टर ने हार्टअटैक की संभावना जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।