Pataka Factory Blast : पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

महू। महू कोतवाली थाना क्षेत्र के अंबाचंदन में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इसमें वहां काम करने वाले तीन लोग झुलस गए। तीनों को गंभीर स्थिति में इंदौर के चोइथराम अस्पताल ले जाया गया। बुधवार को इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं पुलिस व प्रशासन ने मौके पर जाकर स्थिति देखी। फैक्ट्री के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर खां नामक व्यक्ति है। इस मामले में विधायक उषा ठाकुर ने जांच कराने की बात कही।

चोइथराम अस्पताल में भर्ती घायल की जानकारी के अनुसार अंबाचंदन गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में यह फैक्ट्री स्थित है। फैक्ट्री तक जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह कच्चा है। फैक्ट्री वन विभाग की जमीन के पास निजी जमीन पर करीब चार बीघा क्षेत्र में बनी हुई है। यहां पर नौ कमरों में सूतली बम बनाने का काम चलता था। इसमें से 10 बाय 12 के एक कमरे में जहां पर केमिकल मिलाकर बारूद बनाई जाती है, वहां विस्फोट हो गया। इससे पूरा कमरा उड़ गया और तीन कर्मचारी घायल हो गए। रोहित पुत्र परमानंद (20) निवासी दतोदा, अर्जन पुत्र नत्थू राठौड़ (27) और उमेश पुत्र मणिक चौहान (29) दोनों निवासी पांढुर्णा, जिला यवतमाल महाराष्ट्र झुलस गए। तीनों को इंदौर के चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले ही हरदा पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड हुआ था। उसके बाद महू तहसील की सभी पटाखा फैक्ट्री और दुकानों की जांच की गई थी। उस समय इस फैक्ट्री की भी जांच की गई थी, उस समय जांच रिपोर्ट सही पाई गई थी। फैक्ट्री रहवासी क्षेत्र से काफी दूर है। फैक्ट्री के लाइसेंस की वैधता 31 मार्च तक की थी। लाइसेंस रिन्यू कराने के लिए भी आवेदन दिया गया था। फैक्ट्री पर सुरक्षा के लिए कई सारे फायर एक्टिंग्यूशर भी रखे थे।

मौके पर मौजूद फैक्ट्री मालिक मोहम्मद शाकिर खां की बहन जायदा बी ने बताया कि मैं बाहर थी। तीन लोग बारूद मिक्सिंग वाले कमरे में गए। कमरे में जाते ही कुछ देर में जोरदार धमाका हुआ। मैं यह देखकर डर गई। घायल लोगों के पास जाकर उन्हें देखा और पूछा तो बताया कि किसी चीज पर पैर रख दिया जिससे धमाका हो गया।

जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई


इस मामले में महू विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि इस तरह कोई भी फैक्ट्री संचालित की जा रही है तो इसकी जानकारी आम नागरिक जनप्रतिनिधि या प्रशासन को दें। इसमें जो भी जिम्मेदार हैं उनकी जांच की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। यदि प्रशासनिक अधिकारी जिम्मेदार हैं तो उनकी भी जांच होगी। घटना के बाद शाम को विधायक ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी।

मामले की जांच की जा रही है


अंबाचंदन गांव से करीब पांच किलोमीटर अंदर यह फैक्ट्री है। इसका लाइसेंस 31 मार्च तक था। चार बीघा क्षेत्र में अलग-अलग कमरे बनाए गए थे जहां पर सूतली बम बनाने का काम किया जाता था। इसमें से एक कमरे में विस्फोट हुआ और तीन लोग झुलस गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। विस्फोट के कारण की जांच की जा रही है। – रूपेश द्विवेदी, एडिशनल एसपी, ग्रामीण