आईपीएल : मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रनों से हराया

मुंबई । मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रनों से हरा दिया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 234 रन बनाए, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 205 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2024 में ये पहली जीत है। इससे पहले शुरुआती तीन मैचों में मुंबई को हार झेलनी पड़ी थी। अब जीत के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या बहुत ही खुश नजर आए और उन्होंने रोमारियो शेफर्ड की तारीफ की है। 

रोमारियो शेफर्ड की हार्दिक पांड्या ने तारीफ करते हुए कहा कि उसने अच्छी हिटिंग की। उसने हमें गेम जिताया। मैच में रोमारियो ने अंतर पैदा किया। मैं उसे पसंद करता हूं। वह हमेशा हंसता रहता है। मैं सही समय आने पर गेंदबाजी करूंगा। रोमारियो शेफर्ड ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। शेफर्ड ने आखिरी ओवर में एनरिक नॉर्खिया के खिलाफ 32 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।