IPL 2024: Hardik Pandya को MI का कप्तान बनाने का फैसला क्यों नहीं सही? Yuvraj Singh ने बता दी अहम वजह

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस में सबसे बड़ा बदलाव कप्तानी में देखने को मिलेगा। मुंबई ने आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक पांड्या को ट्रेड किया और फिर रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक को कप्तान बना दिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता, जबकि हार्दिक पांड्या साल 2015 से 2021 तक मुंबई टीम का हिस्सा रहे।

साल 2022 में हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) गुजरात टाइटंस से जुड़े और नई फ्रेंचाइजी को डेब्यू सीजन में ही उन्होंने चैंपियन बना दिया। रोहित से कप्तानी छीनने के फैसले से फैंस खफा नजर आए। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी रोहित से कप्तानी छीनने के फैसले पर नाराजगी जताई हैं।

Hardik Pandya को MI का कप्तान बनाए जाने पर Yuvraj Singh का चौंकाने वाला बयान

दरअसल, भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए कहा कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बतौर कप्तान अपनी टीम को 5 बार आईपीएल का खिताब जिता चुके हैं। उन्हें हटाना बड़ा फैसला है। मुझे लगता है कि रोहित शर्मा को एक और सीजन कप्तानी करने देना सही रहता। इस दौरान हार्दिक पांड्या को टीम का उप कप्तान बनाकर देखा जाता कि टीम कैसा परफॉर्म कर रही है।

इसके साथ ही युवी ने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि मुंबई इंडियंस ने यह फैसला भविष्य को देखते हुए लिया, क्योंकि रोहित भारत की कप्तानी कर रहे हैं और अच्छा परफॉर्मेंस भी कर रहे हैं। मेरे हिसाब से फेंचाइजी ने बड़ा फैसला किया है। हर किसी के पास अपनी बात रखने का मौका होता है, लेकिन फ्रेंचाइजी को भविष्य को देखते हुए सही फैसला लेना पड़ता है। मुझे लगता है यह फैसला भी तभी लिया गया और मुझे उम्मीद है कि वह सही करेंगे।

हार्दिक पर होगा प्रेशर

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस को अपनी कप्तानी में आईपीएल 2022 का खिताब जिताया और पिछले साल फाइनल तक का सफर तय कराया, लेकिन युवराज को लगता है कि इस सीजन के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी करना हार्दिक के लिए एक अलग प्रेशर होगा। युवी ने कहा कि टैंलेंट को लेकर बात करूं तो हार्दिक में टैलेंट की कमी नहीं। गुजरात की कप्तानी करना मुंबई की कप्तानी से अलग होगा। मुंबई को लेकर उम्मीद भी काफी हैं। आपको प्रेशर को कंट्रोल करना होगा।