Vedant Samachar

बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सघन अभियान, 86 मामलों में कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read


बिलासपुर, 22 जून (वेदांत समाचार) I बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सघन और सुनियोजित कार्रवाई की गई है। बीते पाँच दिनों में जिले भर में कुल 86 मामलों में कार्रवाई की गई है, जिसमें 31 प्रकरणों में आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं और शेष 55 मामलों में प्रतिवेदन माइनिंग विभाग को प्रेषित किया गया है। खनिज अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत विधिसंगत कठोर कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से अवैध रेत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में समन्वित प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।


आगामी समय में प्रशासन द्वारा ड्रोन सर्वे और तकनीकी निगरानी के माध्यम से खनन क्षेत्रों की सतत निगरानी की योजना बनाई गई है। इससे अवैध रेत उत्खनन पर और अधिक अंकुश लगाया जा सकेगा। जन सहयोग से अवैध खनन की रोकथाम में सकारात्मक बदलाव आया है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।


जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन से जुड़े किसी भी व्यक्ति या नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की दोहरी प्राथमिकता है – राजस्व और खनिज संसाधनों की रक्षा और पर्यावरणीय असंतुलन को रोकना।

जब्त वाहनों और रेत की मात्रा


इस कार्रवाई में 46 ट्रैक्टर, 14 हाईवा, 2 जेसीबी और 1 चेन माउंटेड पोकलेन जैसे भारी वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त रेत की अनुमानित मात्रा लगभग 500 टन है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा है कि बिलासपुर में अवैध रेत खनन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी और तकनीकी निगरानी भी लागू की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा है कि पुलिस विभाग माइनिंग और राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्यवाही कर रहा है।

Share This Article