Vedant Samachar

खेती में नवाचार कर आर्थिक उन्नति की ओर: कलेक्टर ने निरीक्षण करने के बाद किसान की पीठ थपथपाई, कहा…

Vedant samachar
2 Min Read
खेती में नवाचार कर आर्थिक उन्नति की ओर: कलेक्टर ने निरीक्षण करने के बाद किसान की पीठ थपथपाई

खैरागढ़, 22 जून (वेदांत समाचार)। खेक्सी की खेती कर आमदनी बढ़ाने में सफलता पाने वाले किसान की मेहनत अब रंग ला रही है। छुईखदान विकासखंड के ग्राम गुमानपुर निवासी प्रगतिशील कृषक सजेलाल जंघेल ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना का लाभ लेकर खेक्सी (कंटोला) की खेती में बड़ी सफलता हासिल की है।

सजेलाल द्वारा खेत में की गई नवाचारी खेती का अवलोकन करने कलेक्टर पहुँचे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रेमकुमार पटेल, उद्यानिकी विभाग सहायक संचालक विन्द्र कुमार मेहरा उपस्थित रहे। मेहरा ने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत विलुप्त होती सब्जियों को पुनर्जीवित करने और किसानों को उच्च मूल्य की फसलें अपनाने के लिए खेक्सी की अग्रिम पंक्ति फसल प्रदर्शन कराया गया है। कलेक्टर ने खेक्सी की उन्नत खेती देख प्रसन्नता जताई।

उन्होंने किसान से खेती के तरीकों, लागत, उत्पादन और बाजार मूल्य की जानकारी लेते हुए अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित करने की सलाह दी। किसान सजेलाल जंघेल ने बताया कि एक एकड़ भूमि में खेक्सी की फसल ली, जिससे विगत वर्ष 20 क्विंटल से अधिक का उत्पादन हुआ। इस फसल की बाजार में भारी मांग है। शुरुआती दौर में इसकी बिक्री 200 प्रति किलो तक हुई, वहीं बाद में 100 प्रति किलो की दर से भी उन्होंने बिक्री की। वर्ष भर में लगभग 3-4 लाख की आमदनी अर्जित की। उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्हें 4 लाख की अनुदान राशि भी प्रदान कर खेत में संरचना और तकनीकी सहायता दी गई थी। कलेक्टर चन्द्रवाल ने पहल की सराहना करते कहा कि यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

Share This Article